home page

अनूपपुर: पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

 | 
अनूपपुर: पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू


अनूपपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के आह्वान पर सोमवार से अनूपपुर जिले के पटवारी अपनी पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन के अंतिम चरण में प्रवेश करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर अनूपपुर को संबोधित ज्ञापन अधीक्षक भू-अभिलेख को सौंपा तथा अपने बस्ते एवं राजस्व अभिलेख संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कर दिए।

पटवारी संघ जिला इकाई अनूपपुर के अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से अपनी पांच सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसके विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ के निर्देशा पर अनूपपुर जिले की चारों तहसीलों के पटवारियों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है।

संघ ने प्रमुख मांगे

कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा का नियमित आयोजन, पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करने, विभिन्न योजनाओं के लंबित मानदेय एवं भुगतानों का शीघ्र भुगतान, पटवारी संघ के पदाधिकारियों के स्थानांतरण नियमों के विरुद्ध किए गए तबादलों को निरस्त करने की मांग उठाई है।

संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों के लिए आवश्यक राजस्व प्रतिवेदन सहित पटवारियों से संबंधित विभिन्न राजस्व कार्य प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पटवारी संघ ने शासन से मांग की है कि उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल की जाए। साथ ही प्रशासन को हड़ताल की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भी अवगत कराया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला