home page

देशभक्ति के रंग में रंगा मध्यप्रदेश: ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं की यात्रा, इंदौर में गूंजा वंदे मातरम्

 | 
देशभक्ति के रंग में रंगा मध्यप्रदेश: ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं की यात्रा, इंदौर में गूंजा वंदे मातरम्


देशभक्ति के रंग में रंगा मध्यप्रदेश: ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं की यात्रा, इंदौर में गूंजा वंदे मातरम्


देशभक्ति के रंग में रंगा मध्यप्रदेश: ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं की यात्रा, इंदौर में गूंजा वंदे मातरम्


देशभक्ति के रंग में रंगा मध्यप्रदेश: ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं की यात्रा, इंदौर में गूंजा वंदे मातरम्


देशभक्ति के रंग में रंगा मध्यप्रदेश: ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं की यात्रा, इंदौर में गूंजा वंदे मातरम्


भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले गुरुवार को पूरा मध्य प्रदेश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भोपाल से लेकर इंदौर, ओंकारेश्वर, उज्जैन, मंडला, जबलपुर, बालाघाट, बैतूल, मैहर, डिंडोरी, धार, विदिशा और अनूपपुर तक तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। कहीं नावों पर तिरंगा लहराया तो कहीं बाइक, बैलगाड़ी और पैदल यात्राओं के जरिए लोगों ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

राजधानी भोपाल के बड़े तालाब में निकली नौका तिरंगा यात्रा सबसे खास आकर्षण रही। 350 से अधिक तिरंगा सजी नावों के साथ जल, थल और नभ में राष्ट्रध्वज की छटा दिखाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं नाव में सवार होकर तिरंगा थामा। जल क्रीड़ा खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कैनोइंग का रोमांचक प्रदर्शन कर तिरंगे को सलामी दी। अभियान के तहत प्रदेश में 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगा फहराने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। तालाब के बीच तैयार किया गया फ्लोटिंग तिरंगा भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल में निकली यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति को नया आयाम देने वाला अनूठा आयोजन है।

ओंकारेश्वर में नर्मदा पर 151 नौकाओं की यात्रा

खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर 151 सजी-धजी नौकाओं के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। ब्रह्मपुरी घाट से शुरू हुई यात्रा में नावों पर लहराते तिरंगों और देशभक्ति गीतों से नर्मदा तट राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया। यात्रा में भारत माता के रूप में सजी बालिका आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा गोमुख घाट और नागर घाट होते हुए वापस ब्रह्मपुरी घाट पहुंची। पुलिस, होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।

इंदौर में राष्ट्रपथ यात्रा, गूंजा वंदे मातरम्

इंदौर में राष्ट्रपथ तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और नागरिक शामिल हुए। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए लोग देशभक्ति गीतों पर उत्साह से झूमते नजर आए। भंवरकुआं चौराहे पर पुलिस बैंड की प्रस्तुति हुई और सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। यात्रा को लेकर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस ने विशेष प्लान तैयार किया था। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण कुछ मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

उज्जैन में घोड़ों पर सवार होकर निकले कलेक्टर-एसपी

उज्जैन में दो अलग-अलग तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। दशहरा मैदान से निकली पहली यात्रा में कलेक्टर, एसपी प्रदीप शर्मा और नगर निगम कमिश्नर घोड़ों पर सवार होकर तिरंगा थामे आगे बढ़े। पुलिस बैंड, अश्वारोही दल, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट दल भी यात्रा में शामिल हुए। दूसरी यात्रा शहीद पार्क से शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने तिरंगे के साथ हिस्सा लिया। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी।

मंडला में जनजातीय संस्कृति और तिरंगे का संगम

मंडला में जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू हुई। इसमें मंत्री संपतिया उईके, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। यात्रा में तिरंगे के साथ जनजातीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। इसी जिले में सीआरपीएफ की 148वीं बटालियन ने तिरंगा बाइक रैली निकालकर लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

बैतूल, डिंडोरी, मैहर और धार में भी उमड़ा उत्साह

बैतूल में स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने तिरंगा रैली में हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। डिंडोरी में कलेक्ट्रेट तिराहे से निकली यात्रा उत्कृष्ट विद्यालय पहुंची, जहां राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ। मैहर में खेल मैदान से घंटाघर तक तिरंगा यात्रा निकली, जिसमें विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, एसपी अवधेश प्रताप सिंह, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए। धार में किला मैदान से निकली यात्रा में कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा, पुलिसकर्मी, स्काउट-गाइड और स्कूली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने युवाओं से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

रतलाम, विदिशा और जबलपुर में भी तिरंगे के साथ निकले लोग

रतलाम में महापौर प्रहलाद पटेल, कलेक्टर अजय कटेसरिया, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और भारत माता के जयकारों के बीच यात्रा दो बत्ती चौपाटी क्षेत्र में समाप्त हुई। विदिशा में एक्सीलेंस स्कूल से निकली यात्रा में सैकड़ों स्कूली बच्चे और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। शहर में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

जबलपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भगत सिंह चौक से आदि शंकराचार्य चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक और कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। यात्रा से पहले शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

झाबुआ में बैलगाड़ी पर तिरंगा, जनजातीय संस्कृति की झलक

झाबुआ जिले के राणापुर में तिरंगा यात्रा ने पारंपरिक अंदाज में देशभक्ति का संदेश दिया। जनपद पंचायत कार्यालय से तिरंगे से सजी बैलगाड़ियों के साथ यात्रा निकाली गई। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट भी बैलगाड़ी पर सवार हुए। यात्रा की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई और नगर परिषद परिसर में राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ। आयोजन में जनजातीय संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला।

अनूपपुर में पसान और बिजुरी तक गूंजे देशभक्ति के नारे

अनूपपुर जिले के बिजुरी, पसान, जमुना और भालूमाड़ा में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। नेताओं, कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। यात्राओं के दौरान ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति गीतों से माहौल गूंजता रहा।

मक्सी में हजारों लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे

शाजापुर जिले के मक्सी में शाम को निकली तिरंगा यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों के लोग हाथों में तिरंगा लेकर निकले। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

खरगोन में एनसीसी कैडेट्स ने दिया घर-घर तिरंगे का संदेश

खरगोन में पीजी कॉलेज से एनसीसी कैडेट्स ने तिरंगा यात्रा निकाली। कैडेट्स ने नागरिकों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की।

बड़वानी में तिरंगे के साथ निकली मां रेवा कांवड़ यात्रा

बड़वानी में 12वीं मां रेवा कांवड़ यात्रा भी इस बार राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आई। राजघाट से सेगांव तक निकली यात्रा में श्रद्धालु हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। नर्मदा जल से सेगांव स्थित शंकर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। आयोजकों ने इसे शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश बताया।

सिंगरौली में यात्रा के दौरान 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ी

सिंगरौली के चितरंगी में तेज धूप और उमस के बीच तिरंगा यात्रा के दौरान एक स्कूल के 12 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कई बच्चों को चक्कर आए और कुछ को सांस लेने में परेशानी हुई। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक उपचार के बाद बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट गए।

बालाघाट में देरी से शुरू हुई यात्रा, गर्मी में इंतजार करते रहे विद्यार्थी

बालाघाट में दो तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। नगरपालिका की यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुई, जबकि डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी की यात्रा करीब डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुई। इसके चलते पहले से पहुंचे स्कूली विद्यार्थियों को गर्मी में इंतजार करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे