सागरः जनसेवा की मिसाल बने विधायक गोपाल भार्गव, 28 गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा
सागर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की रहली विधानसभा सीट से वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव द्वारा शुरू किया गया स्वास्थ्य सेवा का महाअभियान निरंतर जारी है। 'प्रति रविवार' की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज एक बार फिर क्षेत्र के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों के गंभीर रूप से बीमार मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य लाभ और बेहतर उपचार के लिए भोपाल रवाना किया गया।
इस मानवीय पहल के तहत इस रविवार को कुल 28 गंभीर मरीजों और उनकी देखभाल के लिए साथ आए 32 परिजनों (कुल 60 लोगों) को विशेष एंबुलेंस और बस के माध्यम से पूरी व्यवस्था के साथ भोपाल भेजा गया। विधायक गोपाल भार्गव की इस मुहिम की सबसे खास बात यह रही कि इसमें केवल रहली विधानसभा ही नहीं, बल्कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों के जरूरतमंद और गंभीर मरीजों को भी शामिल किया गया।
राजनीति से ऊपर उठकर मानवता को प्राथमिकता देते हुए इस बार 4 ऐसे मरीजों को भी भोपाल भेजा गया, जो दूसरी विधानसभाओं के निवासी हैं, लेकिन आर्थिक तंगी या सही मार्गदर्शन न मिलने के कारण इलाज से वंचित थे।
विधायक गोपाल भार्गव के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल भेजे जाने वाले इन सभी मरीजों के न केवल आने-जाने (परिवहन) की निशुल्क व्यवस्था की गई है, बल्कि भोपाल के प्रतिष्ठित अस्पतालों में उनके इलाज, दवाइयों और वहां ठहरने वाले परिजनों के रहने व भोजन का प्रबंध भी किया जाता है। इस सेवा कार्य को लेकर सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर विधायक गोपाल भार्गव की इस पहल की जमकर सराहना हो रही है। इस अवसर पर संदेश देते हुए कहा गया कि जनसेवा के इस सतत प्रयास के माध्यम से हर एक जरूरतमंद मरीज को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा परम दायित्व है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि भोपाल भेजे गए सभी मरीज शीघ्र अति शीघ्र पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने परिवारों के बीच सकुशल लौटें।
गौरतलब है कि सागर जिले के रहली-गढ़ाकोटा क्षेत्र में गरीब मरीजों को भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में इलाज दिलाने का यह सिलसिला अनवरत रूप से जारी है, जिससे अब तक हजारों परिवारों को नई जिंदगी मिल चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

