home page

पर्यूषण पर्व : हर्षोल्लास के साथ हुआ प्रभु महावीर का जन्मवाचन महोत्सव

 | 
पर्यूषण पर्व : हर्षोल्लास के साथ हुआ प्रभु महावीर का जन्मवाचन महोत्सव


मंदसौर, 12 सितंबर (हि.स.)। पर्यूषण महापर्व के पंचम दिवस शनिवार को तीर्थंकर परमात्मा प्रभु महावीर का जन्मवाचन महोत्सव श्री सोधर्मवहतपोगच्छय त्रिस्तुतिक जैन श्वेताम्बर श्रीसंघ, परम स्पर्श चातुर्मास समिति मंदसौर, श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद व तरूण परिषद के द्वारा राजेन्द्र रिसोर्ट में मनाया गया।

प.पू. जैन संत मुनिराज श्री प्रत्यक्ष रत्नविजयजी म.सा. व श्री पवित्ररत्नविजयजी म.सा. ने बड़ी संख्या में उपस्थित श्रावक श्राविकाओं को कल्पसूत्र का वाचन करते हुए जैसे ही प्रभु महावीर का जन्मवाचन सुनाया प्रभुजी के जयकारे गूंज उठे। अक्षत उछालकर श्रीफल बदारकर श्रावक श्राविकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। जन्मवाचन पर पालना जी का जुलूस भी निकला। बैंड बाजे के साथ निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में धर्मावलम्बी शामिल हुए। जुलूस के बाद महोत्सव के सम्पूर्ण लाभार्थी मदनलालजी मोतीलालजी चपरोत परिवार के द्वारा स्वामीवात्सल्य का आयोजन हुआ। जन्मवाचन पर छब्बालालजी फतेहचंदजी मारू परिवार के द्वारा प्रभावना भी वितरित की गयी।

इन्होंने लिया बोलियों का धर्मलाभ- जन्मवाचन के पूर्व मुनिश्री की पावन प्रेरणा व निश्रा में देवद्रव्य की वृद्धि के उद्देश्य से 14 सपनाजी, अष्टमंगल व वार्षिक चड़ावे की बोलियाँ भी लगायी गयी जिसका धर्मलाभ भाग्यशाली परिवारों ने लिया। पालनाजी की बोली स्व. श्रीमती लाडकुंवर जैन की स्मृति में राकेश कुमार, पंकज कुमार जैन परिवार ने लिया। प्रभुजी के मुनीमजी बनने का धर्मलाभ मांगीलालजी फांफरिया परिवार तथा संघ जाजम बिछाने का लाभ सुनील कुमार शांतिलाल फाफरिया परिवार ने लिया। कार्यक्रम में अन्य धार्मिक गतिविधियों की भी चढ़ावे बोले गये।

तपस्वियों का हुआ बहुमान- जन्मवाचन कार्यक्रम में पर्यूषण पर्व में 9 उपवास करने वाले 50 से अधिक श्रावक श्राविकाओं का श्री संघ एवं लाभार्थी चपरोत परिवार ने गुलाब जल व पगड़ी पहनाकर बहुमान किया। तपस्वियों के तप की सभी ने अनुमोदना की।

चपरोत परिवार का हुआ बहुमान - श्रीसंघ व चातुर्मास समिति ने जन्मवाचन के सम्पूर्ण लाभार्थी मदनलालजी मोतीलालजी चपरोत परिवार का पगड़ी पहनाकर, शाल, श्रीफल से सम्मान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया