home page

पन्ना टाइगर रिजर्व में 4 वर्षीय नर बाघ की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

 | 
पन्ना टाइगर रिजर्व में 4 वर्षीय नर बाघ की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


पन्ना, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में रविवार को चार वर्षीय वयस्क नर बाघ की मौत का मामला सामने आया है। बाघ का शव किशनगढ़ कोर क्षेत्र के बृजपुरा वन परिक्षेत्र में मिला, जिसके बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अधिकारियों के अनुसार जिस स्थान पर बाघ का शव मिला, वह अत्यंत दुर्गम क्षेत्र है। यह इलाका पहाड़ी होने के साथ तीन ओर से नदी से घिरा हुआ है, जिससे वहां तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण रहा।

प्रथम दृष्टया प्राकृतिक मौत की आशंका

पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक वीरेंद्र पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही वे स्वयं घटनास्थल पहुंचे। प्रारंभिक जांच में बाघ के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं और उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है।

हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

एनटीसीए की गाइडलाइन के अनुसार हुआ अंतिम संस्कार

वन विभाग ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की निर्धारित गाइडलाइन का पालन करते हुए बाघ का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

वन विभाग का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही बाघ की मौत के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष जारी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे