home page

पन्ना में कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन, अर्थी यात्रा निकालकर जताया विरोध

 | 
पन्ना में कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन, अर्थी यात्रा निकालकर जताया विरोध


पन्ना, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार काे चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डायमंड चौराहे से भाजपा कार्यालय तक प्रतीकात्मक अर्थी यात्रा निकाली।

भाजपा कार्यालय के सामने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले का दहन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतला रोकने को लेकर हल्की झूमाझटकी भी हुई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अपनी निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहा है और वह सत्तारूढ़ दल के दबाव में काम कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। हालांकि, विरोध के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस नेता आस्था तिवारी ने किया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनीश खान के निर्देश पर आयोजित किया गया था। आस्था तिवारी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संस्था की निष्पक्षता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से काम करना चाहिए और यदि उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इसका असर पड़ता है। कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे