home page

शिवपुरी में सेना का ड्रोन गिरने से मचा हड़कंप, ठांड गांव में घर के पास हुआ क्रैश

 | 
शिवपुरी में सेना का ड्रोन गिरने से मचा हड़कंप, ठांड गांव में घर के पास हुआ क्रैश


शिवपुरी, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के ठांड गांव में गुरुवार देर रात आसमान से सेना का ड्रोन गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अचानक आसमान से ड्रोन जैसी वस्तु गिरती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जांच करने पर वह ड्रोन निकला, जो ग्रामीण संजीव कुशवाह के घर के पास गिरा था।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार और दिनारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे सुरक्षित रखवा दिया।

दिनारा थाना प्रभारी अरविंद छारी ने शुक्रवार सुबह बताया कि ठांड गांव सेना के क्षेत्र से सटा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी और जांच में सामने आया है कि ड्रोन सेना के क्षेत्र की ओर से आया था। उन्होंने ड्रोन के सेना का होने की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि किसी तकनीकी या अन्य कारण से ड्रोन क्रैश होकर गांव में गिर गया। हालांकि, उसके दुर्घटनाग्रस्त होने के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा