पंडोखर धाम महोत्सव: श्रीरामलीला मंचन से भक्तिमय माहौल, आज ‘दरोगा हप्पू सिंह’ की प्रस्तुति
दतिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले स्थित पंडोखर धाम में चल रहे 30वें महोत्सव के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। महोत्सव के दौरान साेमवार देर रात आयोजित श्रीरामलीला में कलाकारों ने भगवान राम और केवट संवाद का भावपूर्ण मंचन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हनुमत प्रसंग पर आयोजित कथा में उत्तराखंड से आए कथा व्यास पंडित बृजराज अभिषेक वशिष्ठ ने पांच दिवसीय प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया। वहीं ददरौआ धाम से पधारे महाराज पवन शास्त्री द्वारा सात दिवसीय श्रीराम कथा का वाचन किया जा रहा है, जिसे सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
सांस्कृतिक मंच पर बुंदेली गायन और कॉमेडी कार्यक्रमों ने भी समां बांधा। मुस्कान प्रजापति एंड ग्रुप, परसराम अवस्थी एंड ग्रुप और हल्के दाऊ एंड ग्रुप ने सामूहिक रूप से भजनों और प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इसी क्रम में 15 अप्रैल को गुरशरण महाराज पंडोखर सरकार के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुति देंगी। साथ ही टीवी कलाकार योगेश त्रिपाठी, जो ‘दरोगा हप्पू सिंह’ के नाम से लोकप्रिय हैं, भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार 15 अप्रैल को पंडोखर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है और कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

