home page

अनूपपुर: इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय में पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो स्मृति व्याख्यान आयोजित

 | 
अनूपपुर: इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय में पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो स्मृति व्याख्यान आयोजित


अनूपपुर: इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय में पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो स्मृति व्याख्यान आयोजित


अनूपपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो स्मृति व्याख्यान का आयोजन गुरुवार को दूसरी बार किया गया। कार्यक्रम में नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी, शिलांग के प्रो. रमेश शर्मा ने व्याख्यान दिया। इसमें जंतु विज्ञान, बॉटनी एवं बायोटेक्नोलॉजी विभागों के स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी शोधार्थियों ने सहभागिता की।

प्रो. रमेश शर्मा ने पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो के साथ अपने जुड़ाव को याद करते हुए एजिंग (उम्र बढ़ने की प्रक्रिया) एवं जीन रेगुलेशन से संबंधित उनके सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सीमित कैलोरी वाला संतुलित आहार और बेहतर जीवनशैली उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने तथा स्वस्थ जीवन जीने में सहायक हो सकते हैं। जापानी लोगों की जीवनशैली का उदाहरण देते हुए उन्होंने अकेलेपन को भी बढ़ती उम्र और उम्र से जुड़ी बीमारियों के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल बताया।

इसके पूर्व जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रमाणिक ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए व्याख्यान के उद्देश्य तथा पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो के शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक योगदान पर प्रकाश डाला। विज्ञान संकाय की डीन प्रो. पूनम शर्मा ने संकाय की उपलब्धियों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता अकादमिक डीन प्रो. भूमि नाथ त्रिपाठी ने की। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास में शिक्षकों, विद्यार्थियों और समर्पित शोधकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. देश दीपक चौधरी ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बॉटनी विभाग से प्रो. नवीन के. शर्मा एवं डॉ. रविंद्र शुक्ला, जंतु विज्ञान विभाग से डॉ. योगेंद्र के. पयासी एवं डॉ. पल्लवी शुक्ला, केमिस्ट्री विभाग से डॉ. बिस्वजीत माजी तथा गणित विभाग से डॉ. राघव पोरुहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जंतु विज्ञान विभाग के शोधार्थी सीएच. खमहरिंग ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला