home page

सतना : पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन का निधन, चित्रकूट में शोक की लहर

 | 
सतना : पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन का निधन, चित्रकूट में शोक की लहर


सतना, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट स्थित सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के डायरेक्टर पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. बी.के. जैन का चित्रकूट में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे।

ट्रस्ट परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, डॉ. जैन पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज मुंबई में जारी था। स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण उन्हें चित्रकूट लाया गया था। शुक्रवार शाम 4:24 बजे जानकी कुंड चिकित्सालय में वेंटिलेटर से हटाए जाने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

डॉ. बी.के. जैन ने सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के माध्यम से करोड़ों नेत्र रोगियों का उपचार कर सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। वे स्वामी रणछोड़ दास जी महाराज के कृपापात्र रहे और उनके मार्गदर्शन में चित्रकूट क्षेत्र में संत समाज, गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।

नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उनका योगदान और मानवीय सेवा का भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके द्वारा किए गए कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी