home page

भारी वाहनों एवं ओभर लोड से परेशान लोगों ने किया अनोखा प्रदर्शन चालकों की पूजा कर खिलाई मिठाई

 | 

मैहर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के सोनवारी गांव में सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं तथा ओवरलोड और तेज रफ्तार ट्रकों से परेशान ग्रामीणों ने ट्रक चालकों को रोककर उन्हें फूलों की माला पहनाई और लड्डू खिलाकर व्यंग्यात्मक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी के चलते प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान तख्तियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और ओवरलोडिंग पर सख्ती की मांग उठाई गई।

शांतिपूर्ण तरीके से दिया संदेश

इस कार्यक्रम में समाजसेवी उमाकांत उपाध्याय ‘मंटू भैया’ की विशेष भूमिका रही। उनके नेतृत्व में ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण ढंग से यह संदेश दिया कि सड़क पर चलने वाले आम नागरिकों की जिंदगी की कीमत समझी जाए और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन में उमाकांत उपाध्याय, मंटू शैलेंद्र ओझा, मनोज कोरी, विजय भान सिंह, गणेश पटेल, रॉंकी बंसल, रोहित बंसल, उमाशंकर उपाध्याय, अंकित पटेल, राजा, आशीष दहिया, वीरू कोल, बिरी पटेल, राजू सेन, सच्चू साहू, राकेश पाल एवं बादल रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी