आगरमालवा: 4 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
आगरमालवा, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ौद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंगलशार काे एक ट्रक से 4 क्विंटल 3 किलो 353 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में ट्रक सहित कुल 45 लाख 57 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि डग-बड़ौद रोड स्थित खंदवास जोड़, ग्राम बदवास क्षेत्र में एक अशोक लीलैंड ट्रक में अवैध डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में रखे 850 ग्लूकोज कार्टूनों के बीच छिपाकर रखी गई 20 प्लास्टिक बोरियों से कुल 4 क्विंटल 3 किलो 353 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। मौके से ट्रक चालक कमल (27), निवासी इंद्री, जिला करनाल (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मादक पदार्थ हरिराम बगानिया (52), निवासी ग्राम गेलाखेड़ी, थाना झारड़ा, जिला उज्जैन से प्राप्त किया था। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर सह-आरोपी हरिराम को भी गिरफ्तार कर लिया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही साजिश में संलिप्तता पाए जाने पर धारा 29 भी जोड़ी गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है तथा आगे की विवेचना जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

