मंदसौरः समग्र के कार्यों के लिए विशेष शिविर लगाए, प्रतिदिन करें समीक्षा- अपर कलेक्टर
मंदसौर, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने सोमवार को साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि समग्र आईडी से संबंधित कार्यों के लिए विशेष शिविर लगातार आयोजित किए जाएं तथा उनकी प्रतिदिन समीक्षा की जाए। शिविरों में नवीन समग्र निर्माण एवं ई-केवाईसी के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों में मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें। साथ ही छात्रावास, आंगनबाड़ी भवन एवं अन्य शासकीय भवनों के मरम्मत कार्य भी वषार्काल से पूर्व पूर्ण किए जाएं। बैठक में बताया गया कि जिले में 12 जून से 18 जून 2026 तक जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से हितग्राही मूलक योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भूमि आवंटन के बिना कोई भी विभाग निर्माण कार्य प्रारंभ न करे। पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा पानी की चोरी से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संबल योजना के पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
अपर कलेक्टर एकता जायसवाल की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा मिशन शक्ति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में मिशन वात्सल्य अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना, आफ्टर केयर योजना एवं पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही मिशन शक्ति अंतर्गत महिला हेल्पलाइन एवं वन स्टॉप सेंटर के प्रभावी क्रियान्वयन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर कलेक्टर ने बाल देखरेख संस्था अपना घर के बच्चों के नियमित अध्ययन, दत्तक ग्रहण हेतु विधिमुक्त बच्चों के प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा संस्था में निवासरत बच्चों के आवश्यक दस्तावेज समय-सीमा में तैयार कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला श्रम अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला योजना अधिकारी, प्रभारी अधीक्षिका बाल देखरेख संस्था अपना घर बालिका गृह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

