home page

राजगढ़ः खड़ी बाइक में यात्री बस ने मारी टक्कर, एक कांवड़िए की मौत, दो घायल

 | 
राजगढ़ः खड़ी बाइक में यात्री बस ने मारी टक्कर, एक कांवड़िए की मौत, दो घायल


राजगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में हाइवे-52 स्थित न्यू आईटीआई के सामने सोमवार सुबह उज्जैन से कांवड़ लेकर लटेरी जा रहे श्रद्धालुओं को यात्री बस ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार विदिशा जिले के लटेरी निवासी श्रद्धालु रविवार सुबह उज्जैन से जल लेकर कांवड़ के साथ लटेरी के लिए रवाना हुए थे।दल में 31 लोग शामिल थे। इनमें 30 श्रद्धालु दस बाइकों पर चल रहे थे, जबकि एक श्रद्धालु डाक कांवड़ लेकर पैदल जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 4 बजे ब्यावरा के न्यू आईटीआई के पास कांवड़ बदलने के लिए श्रद्धालु रुके थे। इसी दौरान इंदौर की ओर से आ रही यात्री बस ने खड़ी बाइक और उसके पास मौजूद कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश (30) पुत्र घासीराम बंजारा, लाखन(23) पुत्र बनेसिंह बंजारा और विक्रम (24) पुत्र भंवरलाल बंजारा घायल हो गए। तीनों को सिविल अस्पताल ब्यावरा लाया गया। गंभीर हालत में रमेश को भोपाल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

देहात थाने के एएसआई गुलाब सिंह धाकड़ ने बताया कि श्रद्धालुओं ने शिवपुरी की सेंगर बस द्वारा टक्कर मारने की जानकारी दी है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर बस और चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक