home page

राजगढ़ः खड़े ट्रक से भिड़ी बस, एक की मौत, दो बच्चों समेत 6 घायल

 | 
राजगढ़ः खड़े ट्रक से भिड़ी बस, एक की मौत, दो बच्चों समेत 6 घायल


राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शुक्रवार दोपहर करनवास थाना क्षेत्र के पनाली जोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाबा ट्रेवल्स की यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित छह यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल और राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, बाबा ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी-33 पी-1086 ब्यावरा से पचोर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे करनवास के पनाली जोड़ स्थित एक होटल के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक आरजे-11 जीडी-8377 में बस पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायलों में अनिल (12) पुत्र रामबाबू वर्मा निवासी चाचाखेड़ी, कृष्णा (17)पुत्र सूरेश वर्मा निवासी पांजरी, शांताबाई (50) पत्नी रोडजी निवासी हाडाहेड़ी, मोहन (35) पुत्र गंगाराम निवासी खजूरी, गोकुल (65) पुत्र षंकरलाल मालाकार निवासी करनवास और होकम सिंह (75) पुत्र चंपालाल वर्मा निवासी पांजरी शामिल हैं। सभी को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से पचोर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक अज्ञात घायल की मौत हो गई। गोकुल की गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर किया गया, जबकि होकम सिंह को जिला अस्पताल राजगढ़ भेजा गया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक