home page

अनूपपुर में स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों के साथ बैठे राज्यमंत्री, ‘पीएम पोषण’ के विशेष भोज में किया भोजन

 | 
अनूपपुर में स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों के साथ बैठे राज्यमंत्री, ‘पीएम पोषण’ के विशेष भोज में किया भोजन


अनूपपुर में स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों के साथ बैठे राज्यमंत्री, ‘पीएम पोषण’ के विशेष भोज में किया भोजन


अनूपपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनूपपुर जिले में ‘पीएम पोषण योजना’ के तहत विशेष भोज का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित परसवार स्थित राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह बालक आश्रम (अंग्रेजी माध्यम) में हुआ। प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने विद्यार्थियों के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन किया।

राज्यमंत्री ने बच्चों के साथ भोजन करने के दौरान उनसे सीधे संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में सामाजिक समरसता, सहभागिता और आपसी जुड़ाव की भावना मजबूत होती है।

कोदो-कुटकी की खीर रही विशेष आकर्षण

विशेष भोज में विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन कराया गया। स्थानीय मोटे अनाज यानी ‘श्री अन्न’ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोदो-कुटकी से तैयार खीर विशेष रूप से परोसी गई। इसके अलावा बच्चों को सब्जी-पूरी और लड्डू भी वितरित किए गए।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के अलावा जिले की सभी लक्षित प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में भी विशेष भोज का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाना तथा स्थानीय खाद्य पदार्थों एवं मोटे अनाजों के उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा।

राज्यमंत्री ने किया पौधारोपण

विशेष भोज के बाद राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर, अपर कलेक्टर बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर शीतल ठाकुर, रामदास पुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आश्रम का अमला मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला