home page

अनूपपुर: चैत्र अमावस्या पर नर्मदा उद्गम अमरकंटक में लगाई हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी

 | 
अनूपपुर: चैत्र अमावस्या पर नर्मदा उद्गम अमरकंटक में लगाई हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी


अनूपपुर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित प्रदेश की प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में बुधवार को चैत्र अमावस्या पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पुण्य सलिला नर्मदा नदी के तटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं, एवं तीर्थयात्रियों ने पवित्र स्नान कर पूजन-अर्चन एवं दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

प्रातः काल से ही नर्मदा उद्गम के कोटि तीर्थ कुंड, गांधी कुंड तथा रामघाट के उत्तर एवं दक्षिण तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने स्नान शुरूकिया जो देर शाम तक निरंतर जारी रहा। चैत्र मास की कृष्ण पक्ष अमावस्या, पूर्वाभाद्र नक्षत्र और बुधवार के संयोग में दूर-दराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के निमित्त जल तर्पण, पिंडदान एवं दान-पुण्य कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। इसके पश्चात नर्मदा उद्गम मंदिर में दर्शन कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं उन्नति के लिए मां नर्मदा से प्रार्थना की। प्रदेश के शाजापुर, रायसेन एवं देवास सहित विभिन्न जिलों से आए भक्तों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने कुल देवी-देवताओं एवं उनके अस्त्र-शस्त्रों का विधिवत पूजन किया। वाद्य यंत्रों की थाप के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके पूर्व कई श्रद्धालुओं ने रात्रि जागरण कर अपने आराध्य देवों की आराधना करते हुए रतजगा किया और प्रातः स्नान-पूजन कर धार्मिक कृत्यों को पूर्ण किया।

चैत्र अमावस्या (चैती अमावस) पर लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान कर पुण्य अर्जित किया। विशेष रूप से रामघाट एवं कोटि तीर्थ कुंड में सुबह के समय अत्यधिक भीड़भाड़ का दृश्य देखने को मिला, जहां श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम नजर आया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला