ओंकारेश्वर में नर्मदा में डूबे लखनऊ के 4 श्रद्धालु, एक की मौत
खंडवा, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को नर्मदा नदी के केवलराम घाट पर बड़ा हादसा हो गया। यहां लखनऊ से आए चार श्रद्धालु स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद नाविकों, होमगार्ड और एसडीआरएफ के जवानों ने तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। घाट पर ही युवक को सीपीआर दिया गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ निवासी संतोष (24), अनिकेत (23), कमल किशोर (23) और शुभ उर्फ प्रखर तिवारी (24) नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि चारों युवक फोटो और वीडियो बनाने के दौरान निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे निकल गए। गहरे पानी में पहुंचते ही चारों डूबने लगे। घाट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित सीमा में रहने की चेतावनी भी दी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही नाविक मुकेश वर्मा और शंकर वर्मा के साथ होमगार्ड एसडीआरएफ के जवान नागेंद्र शर्मा और उदय सोलंकी तुरंत नदी में उतरे। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद संतोष, अनिकेत और कमल किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वहीं, शुभ तिवारी काफी देर तक पानी में रहा। रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकालकर घाट पर ही सीपीआर दिया। हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का इकलौता बेटा था शुभ
हादसे में जान गंवाने वाला शुभ तिवारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बताया गया है कि परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उसी पर थी। शुभ के पिता हाल ही में कैंसर के ऑपरेशन से गुजरे हैं। परिवार में उसकी एक बहन भी है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
घटना के बाद होमगार्ड एवं एसडीआरएफ जिला कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा में स्नान के दौरान केवल चिह्नित और सुरक्षित स्थानों का ही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु घाटों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की चेतावनी और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विशेष रूप से फोटो-वीडियो बनाने के दौरान नदी की सुरक्षित सीमा पार नहीं करने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

