महिदपुर में निजी विद्यालय के शिक्षक की कमरे में मौत, प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका
उज्जैन, 31 जुलाई (हि.स.)। उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील में एक निजी विद्यालय के शिक्षक की किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और शिक्षक को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदयाघात माना जा रहा है।
महिदपुर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि मृतक की पहचान संजय नाग (59), पिता उपेंद्र नाग, निवासी बोलांगीर (ओडिशा) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से महिदपुर स्थित एमपीएस एकेडमी में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और सुभाष पथ स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर किराए के कमरे में अकेले रहते थे।
मकान मालिक निखिल कोचर के अनुसार, शुक्रवार सुबह काफी देर तक संजय नाग कमरे से बाहर नहीं निकले। कई बार दरवाजा खटखटाने और संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और अंदर से बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। कमरे के भीतर संजय नाग जमीन पर पड़े मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, कमरे में किसी प्रकार की तोड़फोड़, संघर्ष या बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजय नाग पहले से उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। उन्होंने किसी पर भी संदेह व्यक्त नहीं किया और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। पुलिस ने परिजनों की लिखित सहमति के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि एक दिन पहले ही नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत एमपीएस एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनकी संजय नाग से मुलाकात हुई थी और उन्होंने सामान्य रूप से बातचीत की थी। फिलहाल प्रारंभिक जांच में हृदयाघात से मौत की आशंका जताई गई है। हालांकि, पुलिस ने मामले की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

