home page

निगम की बड़ी कार्रवाई, न्यू मार्केट और जवाहर चौक समेत कई इलाकों से हटाया अतिक्रमण

 | 
निगम की बड़ी कार्रवाई, न्यू मार्केट और जवाहर चौक समेत कई इलाकों से हटाया अतिक्रमण


भोपाल, 22 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम द्वारा अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, सब्जी दुकानें और अन्य अवैध कब्जे हटाए।

यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ निगम की नियमित मुहिम के तहत की गई। इस दौरान अवैध रूप से बनी बाउंड्रीवाल, छप्पर, चबूतरे, सड़क किनारे रखे सामान और आवागमन में बाधा बन रहे वाहनों को भी हटाया गया।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, जवाहर चौक, नेहरू नगर, मिसरोद, चेतक ब्रिज, अयोध्या बायपास, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-6, लालघाटी और अन्य क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान लालघाटी वीआईपी गेस्ट हाउस के सामने अवैध बाउंड्रीवाल और छप्पर हटाए गए, जबकि बरखेड़ी फाटक क्षेत्र में बने अवैध चबूतरों को तोड़ा गया। चेतक ब्रिज सर्विस रोड पर यातायात में बाधा बन रहे चार पहिया वाहनों को भी हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान निगम ने 10 ठेले, एक काउंटर, 11 स्टूल, चार टेबल, दो बेंच, लोहे की जाली, पल्ले, एंगल और अन्य सामान जब्त किया। इसके अलावा सड़क किनारे रखी सब्जी दुकानों, गन्ने की चरखियों और दुकानों के बाहर फैले सामान को भी हटाया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा