home page

राजगढ़ः नवीन ऑपरेशन थिएटर में दो जटिल सर्जरी सफल,मरीजों ने ली राहत की सांस

 | 
राजगढ़ः नवीन ऑपरेशन थिएटर में दो जटिल सर्जरी सफल,मरीजों ने ली राहत की सांस


राजगढ़, 22 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ स्थित जिला चिकित्सालय के नवनिर्मित एवं अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर में बुधवार को सीनियर सर्जन डॉ. अंकुर देशवाली ने दो जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर मरीजों को राहत दी।

नए ओटी की उन्नत सुविधाओं के कारण पहली ही श्रृंखला में इस तरह के सफल ऑपरेशन होने से मरीजों और परिजनों में उत्साह देखा गया। पहला मामला 9 वर्षीय जोया पिता फिरोज खान का रहा, जिसके गले में बड़ी गांठ हो गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जांच उपरांत डॉ. देशवाली ने सावधानीपूर्वक सर्जरी करते हुए गांठ को सुरक्षित निकाल दिया। बच्ची की स्थिति अब सामान्य है, जिससे परिवार ने राहत महसूस की।

दूसरा मामला वैशाली जोशी (29) निवासी उज्जैन का था, जिनके निचले होंठ पर बड़ी गांठ होने से उन्हें वर्षों से तकलीफ थी। परिजनों के अनुसार पहले भी एक बार ऑपरेशन कराया गया था, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई थी। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर डॉ. देशवाली ने जांच कर पुनः सर्जरी की और गांठ को सफलतापूर्वक हटाया।

डॉ. देशवाली ने बताया कि किसी भी प्रकार की गांठ, सूजन या असामान्य लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद आवश्यक है। समय रहते जांच व उपचार से जटिलताओं से बचा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय में लगातार मिल रही उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं से अब आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी काफी राहत मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक