home page

अनूपपुर: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्या मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर आएंगे

 | 
अनूपपुर: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्या मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर आएंगे


अनूपपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्या का दो दिवसीय दौरा मंगलवार, 14 जुलाई से होगा। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर हर्षल पंचोली ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी को नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सरिता नायक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष 14 जुलाई को प्रातः 11:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण करेंगे। इसके पश्चात नर्मदा सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा दोपहर जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित सिकल सेल एनीमिया परीक्षण स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर, पुन: नर्मदा सभागार में जिले के सांसद, विधायकों, जनजातीय प्रतिनिधिमंडल, सामाजिक संस्थाओं, वन अधिकार समिति एवं पेसा समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में शामिल होगे। इसके बाद जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक तथा सायं 5:45 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।

15 जुलाई को अध्यक्ष प्रातः 9:30 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण उपरांत जनजातीय वर्ग के शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक तथा विश्वविद्यालय के कुलपति एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय भ्रमण के पश्चात वे अमरकंटक से प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित रूप से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला