home page

उज्जैन में राष्ट्रीय हास्य नाट्य समारोह का शुभारंभ रविवार को

 | 
उज्जैन में राष्ट्रीय हास्य नाट्य समारोह का शुभारंभ रविवार को


उज्जैन, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में कला चौपाल सांस्कृतिक सामाजिक समिति द्वारा संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय हास्य नाट्य समारोह का शुभारंभ रविवार सायं 7.30 बजे कालिदास संस्कृत अकादमी के अभिरंग नाट्य गृह में होगा। देश के विभिन्न शहरों से आए रंगकर्मी अपनी प्रस्तुतियां देेंगे। समारोह का उद्देश्यसमाज की विसंगतियों, मानवीय संबंधों और समकालीन परिस्थितियों पर विचार करने के लिए दर्शकों को प्रेरित करना है।

* 29 मार्च को नाटक ताक धीना धीन का मंचन विशाल कुशवाह के निर्देशन में होगा। यह नाटक हास्य और व्यंग्य से भरपूर है, जिसमें रोजमर्रा की जिंदगी के तनाव, पारिवारिक उलझनों और सामाजिक विडंबनाओं को हल्के-फुल्के अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। नाटक की प्रस्तुति में शारीरिक अभिनय, संवादों की सटीक टाइमिंग और मंचीय प्रयोग आकर्षण का केंद्र हैं।

* 30 मार्च को बत्तीस छत्तीस की मोहब्बत नाटक का मंचन प्रसन्न सोनी,सीधी के निर्देशन में होगा। यह नाटक रिश्तों की जटिलताओं, प्रेम और तकरार के बीच की स्थितियों को हास्यपूर्ण शैली में प्रस्तुत करता है। कथानक पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों की नाजुकता को उजागर करते हुए यह दर्शाता है कि कैसे छोटी-छोटी गलतफहमियां बड़े हास्यपूर्ण घटनाक्रमों को जन्म देती है।

* 31 मार्च को तरुण दत्त पांडे, भोपाल द्वारा निर्देशित नाटक परसाई उवाच का मंचन होगा। यह नाटक व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई के व्यंग्यों से प्रेरित है, जिसमें समाज, राजनीति और मानवीय प्रवृत्तियों पर तीखा लेकिन हास्यपूर्ण प्रहार किया गया है। नाटक दर्शकों को सामाजिक प्रश्नों पर सोचने के लिए प्रेरित करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल