home page

राज्यसभा नामांकन निरस्त होने के बाद पहली बार मंदसौर पहुंचीं मीनाक्षी नटराजन, भाजपा पर साधा निशाना

 | 
राज्यसभा नामांकन निरस्त होने के बाद पहली बार मंदसौर पहुंचीं मीनाक्षी नटराजन, भाजपा पर साधा निशाना


मंदसौर, 7 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन मंगलवार को पहली बार मंदसौर पहुंचीं। उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला तथा अपने नामांकन निरस्त किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।

बैठक में मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि भाजपा की सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब केवल चुनावी प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य से भी खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने भगवान श्रीराम को देश की आस्था का केंद्र बताते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं ने लोगों की भावनाओं को भी आहत किया है।

राज्यसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए नटराजन ने कहा कि उनके नामांकन पत्र में जिस आधार पर आपत्ति उठाई गई, वह उचित नहीं थी। उनका कहना था कि नामांकन पत्र में कहीं भी कानूनी नोटिस (लीगल नोटिस) संबंधी जानकारी मांगी ही नहीं गई थी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगी।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा चुका है और अब गांव तथा पंचायत स्तर पर जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज किए जाएंगे।

वहीं, विधायक विपिन जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को प्रभावित करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। बैठक में जिले के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया