home page

राजगढ़ः एसपी ने छात्रों से किया सीधा संवाद, बोले- नशे से दूरी ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी

 | 
राजगढ़ः एसपी ने छात्रों से किया सीधा संवाद, बोले- नशे से दूरी ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी


राजगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को नशा मुक्ति, छात्र संवाद एवं सेल्फी विद एसपी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से खुलकर संवाद करते हुए नशे से दूर रहने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, केरियर, पुलिस सेवा, व्यक्तित्व विकास और जीवन से जुड़े कई सवाल पूछे। एसपी अमित तोलानी ने सहज और प्रेरक अंदाज में सभी प्रश्नों के उत्तर देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही मंजिल तक पहुंचाती है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पल तब रहा, जब एसपी विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनके साथ सेल्फी विद एसपी अभियान में शामिल होकर तस्वीरें खिंचवाईं। इससे छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और यदि विद्यार्थी संस्कार, अनुशासन व लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेंगे तो देश का भविष्य और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष केपी. पंवार, प्राचार्य महेश कुमार गुप्ता, विद्यालय का शिक्षक-स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक