home page

राजगढः नरवाई के धुएँ से रेल संचालन बाधित, दो ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा

 | 
राजगढः नरवाई के धुएँ से रेल संचालन बाधित, दो ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा


राजगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को नरवाई जलाने की लापरवाही ने रेल यातायात को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया। ब्यावरा क्षेत्र में फुंदा मार्केट के पीछे खेतों में लगी आग से उठा घना धुआं रेलवे ट्रैक तक फैल गया, जिससे दृश्यता लगभग शून्य हो गई। इस स्थिति के चलते दो ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि एक यात्री ट्रेन को रिवर्स कर सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा। बीना से नागदा जा रही एक यात्री ट्रेन ब्यावरा स्टेशन से लगभग छह किलोमीटर पहले पहुंची तो लोको पायलट को आगे का ट्रैक धुएं के कारण नजर नहीं आया।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने ट्रेन को तुरंत रोकने और फिर रिवर्स कर सुरक्षित दूरी पर ले जाने का निर्णय लिया। इसके पीछे चल रही साबरमती एक्सप्रेस को भी ब्यावरा स्टेशन पर रोक दिया गया। फुंदा मार्केट के पीछे खेतों में नरवाई जलाने से उठे धुएं के कारण देहात थाना क्षेत्र में रेल संचालन करीब डेढ़ घंटे प्रभावित रहा। फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक आने-जाने वाली 3 से 4 ट्रेनें देरी से चलीं।

बीना-नागदा सेक्शन के मैनेजर जोनसिंह मीना ने बताया कि ट्रैक पर धुआं इतना घना था कि दृश्यता पूरी तरह खत्म हो गई थी। ऐसे में ट्रेन का आगे बढ़ना जोखिम भरा था, इसलिए उसे रोकना अनिवार्य था। घटना के दौरान गर्मी से परेशान यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं। मौके का फायदा उठाकर कुछ वेंडर ट्रेन में चढ़ गए और यात्रियों को पानी महंगे दामों पर बेचते रहे। प्रशासन ने नरवाई जलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है, क्योंकि ऐसी घटनाएं बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक