home page

नरसिंहपुर में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का प्रदर्शन, तीन प्रमुख सड़कों पर चक्का जाम

 | 
नरसिंहपुर में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का प्रदर्शन, तीन प्रमुख सड़कों पर चक्का जाम


नरसिंहपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी में कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में मंगलवार शाम नरसिंहपुर जिले के किसानों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। इससे नेशनल हाईवे सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सबसे बड़ा प्रदर्शन सुआतला के पास नेशनल हाईवे-44 पर हुआ, जहां किसानों ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया। प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि वे पिछले 10 दिनों से बिलेहरा वेयरहाउस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उपज गुणवत्ता के अनुरूप होने के बावजूद नमी का हवाला देकर मूंग की तुलाई नहीं की जा रही है।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि वेयरहाउस में रात के समय उनकी उपज चोरी हो रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में एसडीएम से शिकायत और आश्वासन मिलने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक मूंग खरीदी शुरू नहीं होती और खरीदी केंद्र को तेंदूखेड़ा मंडी स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

सालीचौका में भी सड़क जाम

इसी तरह सालीचौका क्षेत्र के पोडार तिराहे पर किसानों ने गाडरवारा-पिपरिया मार्ग जाम कर दिया। यहां किसानों ने मूंग की तुलाई करेली मंडी भेजे जाने का विरोध किया। उनका कहना है कि सालीचौका वेयरहाउस में जगह की कमी का हवाला देकर उन्हें करीब 70 किलोमीटर दूर करेली मंडी भेजा जा रहा है, जिससे परिवहन लागत और समय दोनों बढ़ रहे हैं। किसानों ने मांग की कि तुलाई की व्यवस्था सालीचौका मंडी में ही की जाए।

झिकौली में भी प्रदर्शन, तीन मार्ग प्रभावित

गाडरवारा-उदयपुरा मार्ग पर झिकौली के पास भी किसानों ने मूंग खरीदी की समस्याओं को लेकर सड़क जाम कर दिया। जिले के तीन प्रमुख मार्गों पर एक साथ हुए चक्का जाम से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और यात्रियों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तीनों स्थानों पर पहुंचे तथा किसानों से बातचीत कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और किसानों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे