home page

नरसिंहपुर: भाजपा नेता से मारपीट के मामले में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, गिरफ्तारी न होने पर पुलिस पर सवाल

 | 
नरसिंहपुर: भाजपा नेता से मारपीट के मामले में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, गिरफ्तारी न होने पर पुलिस पर सवाल


नरसिंहपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में भाजपा नेता पवन पटेल से मारपीट के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए एसपी कार्यालय के सामने धरना दिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल दोपहर 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचीं और समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर मारपीट की घटना के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

पत्र के बाद भी नहीं मिला जवाब

जानकारी के मुताबिक, सुनीता पटेल ने शनिवार को एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि पुलिस ने प्रेस नोट तो जारी किया, लेकिन उनके पत्र का कोई जवाब नहीं दिया गया, जिससे नाराज होकर उन्हें धरना देना पड़ा।

अवैध उत्खनन और डंपरों का मुद्दा भी उठाया

धरने के दौरान उन्होंने क्षेत्र में अवैध उत्खनन और डंपरों की अनियंत्रित आवाजाही को भी गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि गाडरवारा क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं। हाल ही में गांधी गांव में एक ट्रक घर में घुस गया था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर वे पहले भी प्रशासन को पत्र लिखकर डंपरों के संचालन का समय तय करने की मांग कर चुकी हैं। सुनीता पटेल ने साफ कहा कि जब तक पुलिस प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, धरना जारी रहेगा।

पुलिस बाेली- कुछ आरोपी हिरासत में

वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि घटना 1 तारीख की दरमियानी रात पलोहा थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और 2-3 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ आरोपी स्थानीय हैं, जबकि कुछ बाहरी। मामले की विस्तृत जानकारी एसडीओपी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे