नर्मदापुरम: बुद्ध पूर्णिमा पर नर्मदा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
नर्मदापुरम, 01 मई (हि.स.) । वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में नर्मदा नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हजारों लोगों ने पवित्र नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह करीब 5 बजे से ही सेठानी घाट, विवेकानंद घाट, पर्यटन घाट, कोरी घाट, गोंदरी घाट और बांद्राभान सहित सभी प्रमुख घाटों पर स्नान का क्रम शुरू हो गया था।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने स्नान के साथ-साथ पूजन-अर्चन किया और कई स्थानों पर सत्यनारायण कथा का आयोजन भी हुआ। दोपहर के समय विभिन्न स्थानों पर भंडारों के आयोजन की भी तैयारी है। भीड़ को देखते हुए नर्मदा घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, होमगार्ड और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सुबह से ही तैनात हैं। जवान लगातार श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोक रहे हैं। सेठानी घाट पर अनाउंसमेंट के जरिए लोगों से अपील की जा रही है कि वे किनारे पर ही सुरक्षित रूप से स्नान करें।
गौरतलब है कि बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है, जो हर वर्ष वैशाख शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था। वर्षों की तपस्या के बाद बोधगया में बोधि वृक्ष के नीचे उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इसी कारण इसे वैशाख पूर्णिमा भी कहा जाता है। इस दिन स्नान, दान और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के प्रसार का विशेष महत्व होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

