नर्मदापुरम में पुतला बुझाते दो नपा कर्मचारी झुलसे, सीएमओ का पुतला जलता देख आग बुझाने पहुंचे थे
नर्मदापुरम, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में शहर की सफाई, सड़क, गड्ढों और सीवरेज की समस्याओं को लेकर गुरुवार दोपहर सतरस्ते पर किए गए प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन के समय हादसा हो गया। जलते पुतले को बुझाने की कोशिश में नगरपालिका के दो कर्मचारी झुलस गए। नगरपालिका लिपिक कैलाश कन्नौजिया का चेहरा और हाथ झुलस गया, जबकि कर्मचारी शेख सिकंदर के हाथ में चोट आई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी राजेंद्र मालवीय पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में बिना बैनर के सफाई व्यवस्था, खराब सड़क, गड्ढों और सीवरेज लाइन से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरुवार को भी इन्हीं मुद्दों को लेकर सतरस्ते पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान नगरपालिका की कथित लापरवाही के विरोध में पुतला दहन किया गया।
जलता पुतला देख आग बुझाने पहुंचे कर्मचारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुतला जलाए जाने के बाद नगरपालिका के कर्मचारी उसे बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। लिपिक कैलाश कन्नौजिया ने पहले हाथ-पैर से आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने अपनी शर्ट उतारकर पुतले पर डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान कैलाश कन्नौजिया का चेहरा और हाथ झुलस गया, जबकि शेख सिकंदर के हाथ में चोट आई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। कैलाश कन्नौजिया ने बताया कि नगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारी और सीएमओ का पुतला जलता देखकर वे आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
प्रदर्शन में पुतला दहन का किया गया था आह्वान
बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर पुतला दहन का भी आह्वान किया गया था। पुतला जलाए जाने के बाद नगरपालिका कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों कर्मचारी झुलस गए।
सीएमओ बोले- शर्तों का उल्लंघन कर जलाया पुतला
नगरपालिका सीएमओ वैभव देशमुख ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के लिए निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करते हुए पुतला जलाया गया। उन्होंने पुतले में किसी ज्वलनशील द्रव के इस्तेमाल की आशंका भी जताई है। सीएमओ ने कहा कि घटना को लेकर पुतला दहन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई और घटना के तथ्यों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

