नर्मदापुरम में स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, शिक्षक समेत 5 घायल
नर्मदापुरम, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में इटारसी रोड पर पोदार स्कूल के सामने सोमवार दोपहर स्कूली विद्यार्थियों को ले जा रहा एक ऑटो हादसे का शिकार हो गया। सड़क पर अचानक मवेशी के आ जाने पर उसे बचाने की कोशिश में ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। इसी दौरान ऑटो की बाइक से भी टक्कर हो गई। हादसे में शिक्षक समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को भोपाल रेफर किया गया है।
घायल विद्यार्थी और शिक्षक शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रोहना से जुड़े हैं। स्कूल के प्राचार्य जयराम उइके के अनुसार, सोमवार को कक्षा 10वीं के 15 विद्यार्थियों को व्यावसायिक भ्रमण (वोकेशनल टूर) के लिए सांदीपनि सीएम राइज स्कूल, पवारखेड़ा ले जाया जा रहा था। विद्यार्थियों को दो ऑटो और दो बाइक से ले जाने की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान पोदार स्कूल के सामने हादसा हो गया।
ऑटो चालक के मुताबिक, पोदार स्कूल के पास सड़क पर अचानक मवेशी सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक भी ऑटो से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। बाद में घायलों को निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शिक्षक सुनील मेहरा, विद्यार्थी दीपक यादव और हिमांशु यादव, ऑटो चालक और बाइक सवार भी शामिल हैं। आईटीआई के शिक्षक सुनील मेहरा की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रेफर किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

