home page

देवास में नर्मदा नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत, एक को नाविकों ने बचाया

 | 
देवास में नर्मदा नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत, एक को नाविकों ने बचाया


देवास, 21 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गुरुवार दोपहर नर्मदा नदी में नहाने गए चार दोस्त गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर राजौर क्षेत्र की है। खातेगांव से चार दोस्त नर्मदा नदी में नहाने के लिए राजौर घाट पहुंचे थे। नदी में उतरने के कुछ ही देर बाद चारों दोस्त नहाते-नहाते गहरे पानी की तरफ चले गए। पानी का अंदाजा न होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोग और नाविक तुरंत उनकी मदद के लिए पानी में कूदे। नाविकों ने करीब 15 फीट गहरे पानी से चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन युवकों की सांसें थम चुकी थीं।

मलबे और पानी से निकाले गए मृतकों की पहचान खातेगांव निवासी सनी पुत्र श्रवण, गोलू पुत्र नटवर और ग्राम कणा निवासी आयुष पुत्र तेजाराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष भी इन दिनों खातेगांव में ही रह रहा था। तीनों मृतकों की उम्र महज 17 से 20 वर्ष के बीच थी। वहीं, इस हादसे में खातेगांव निवासी विवेक पुत्र दिलीप को समय रहते नाविकों ने सुरक्षित बचा लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा बनाकर तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। घटना के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति आक्रोश जताते हुए मांग की है कि नर्मदा के इन खतरनाक घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और गहरे पानी वाले खतरनाक स्थानों पर तत्काल चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत