home page

मप्र कांग्रेस पीसीसी चीफ के छोटे भाई नाना पटवारी गिरफ्तार, ड्रग मामले में पुलिस कर रही पूछताछ

 | 
मप्र कांग्रेस पीसीसी चीफ के छोटे भाई नाना पटवारी गिरफ्तार, ड्रग मामले में पुलिस कर रही पूछताछ


- कांग्रेस ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध

भोपाल/इंदौर, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी को इंदौर पुलिस ने गुरुवार दोपहर गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ड्रग्स सप्लाई से जुड़े एक मामले में की गई है। हाल ही में पकड़े गए एक ड्रग सप्लायर ने पूछताछ में नाना पटवारी का नाम लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। रिमांड के दौरान जब आरोपियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने नाना पटवारी से संबंध होने की बात कही। इसी बयान के आधार पर इंदाैर की राजेंद्रनगर थाना पुलिस ने गुरुवार को नाना पटवारी को हिरासत में लिया। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले गई, जहां उनसे पूछताछ कर रही है। इसे पूरी तरह गोपनीय रखा गया है।

नाना पटवारी की गिरफ्तारी के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में उबाल आ गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने हाल ही में प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार और उज्जैन जमीन खरीद मामले को लेकर सरकार के खिलाफ बड़े जन-आंदोलन की चेतावनी दी थी। कांग्रेस का आरोप है कि इसी आंदोलन को कुचलने और विपक्ष की आवाज दबाव बनाने के लिए सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।

इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इंदौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा इंदौर पुलिस ने परिवार को बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के नाना पटवारी को गिरफ्तार किया है। वे उन्हें कहाँ ले गए हैं, इसकी जानकारी भी परिजनों से छिपाई जा रही है। इंदौर पुलिस को ऐसी परिपाटी शुरू नहीं करनी चाहिए, जो भविष्य में खुद उनके लिए तकलीफदेह साबित हो। वहीं, सूत्रों ने बताया है कि भाई की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही जीतू पटवारी ने अपने कानूनी सलाहकारों और वकीलों से चर्चा की है।

यह पहली बार नहीं है जब नाना पटवारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया हो। उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उन पर हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और जमीन कब्जे समेत करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके अलावा साल 2025 में इंदौर के तेजाजी नगर थाने में फरियादी नरेंद्र मेहता की शिकायत पर नाना पटवारी और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी से जमीन पर कब्जा करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर दर्ज हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत