home page

अनूपपुर: लाड़ली बहना योजना से 5,053 महिलाओं के नाम हटे, 1.25 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिल रहा लाभ

 | 
अनूपपुर: लाड़ली बहना योजना से 5,053 महिलाओं के नाम हटे, 1.25 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिल रहा लाभ


अनूपपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की पात्रता सूची से अब तक 5,053 महिलाओं के नाम विभिन्न कारणों से हटाए जा चुके हैं। इनमें मृत्यु, 60 वर्ष की आयु पूरी होना तथा स्वयं योजना का लाभ छोड़ना प्रमुख कारण रहे हैं। वर्तमान में जिले की 1,25,635 पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, योजना के नियमों के तहत 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाली महिलाओं के नाम लाड़ली बहना योजना से हटाकर उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी अन्य योजनाओं से जोड़ा जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत वर्ष 2024 में 1,608, 2025 में 1,553 तथा 2026 में अब तक 962 महिलाओं के नाम आयु सीमा पूरी होने के कारण पात्रता सूची से हटाए जा चुके हैं। इसके अलावा अब तक 667 हितग्राही महिलाओं की मृत्यु होने पर भी उनके नाम योजना से विलोपित किए गए हैं।

263 महिलाओं ने स्वयं छोड़ा लाभ

विभागीय जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाओं ने सरकारी सेवा में नियुक्ति मिलने, पात्रता समाप्त होने अथवा अन्य व्यक्तिगत कारणों से स्वयं योजना का लाभ छोड़ने का आवेदन दिया। जिले में अब तक 263 महिलाओं ने स्वेच्छा से योजना का परित्याग किया है, जिसके आधार पर उनके नाम पात्रता सूची से हटाए गए।

नाम जोड़ने के लिए लगातार आ रहे आवेदन

एक ओर आयु सीमा पूरी होने और मृत्यु के कारण नाम हटाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर योजना में नए नाम जोड़ने के लिए लगातार आवेदन भी प्राप्त हो रहे हैं। जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्रत्येक माह दर्जनों आवेदन अधिकारियों तक पहुंच रहे हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक संचालक मंजूषा शर्मा ने बताया कि पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मृत्यु एवं आयु सीमा पूर्ण होने की स्थिति में हितग्राहियों के नाम वरिष्ठ कार्यालय स्तर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाए जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला