home page

नागदा - मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान

 | 
नागदा - मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान


नागदा, 15 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के शहीद भगत सिंह शक्ति केंद्र एवं नगर मंडी मंडल के तत्वावधान में आयोजित मोदी जी के 12 वर्ष – विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं का बुधवार को सम्मान समारोह किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह् प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। साथ ही गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नागदा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिली है, जिससे नागदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। यह क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक पेड़ मां के नाम, डिजिटल इंडिया, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जनधन योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश के विकास को नई गति दी है और इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, शक्ति केंद्र प्रभारी सुबोध स्वामी तथा प्राचार्य देवेंद्र दवे ने भी विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 वर्ग में रीत पाल (फातिमा कॉन्वेंट) प्रथम, अंजलि भारद्वाज (आदित्य विद्या मंदिर) द्वितीय तथा शाना मुस्तकीम (आदित्य विद्या मंदिर) तृतीय रहीं। कक्षा 9 से 10 वर्ग में सोफिया शेख (मदर मेरी स्कूल) प्रथम, हर्षिता प्रजापत द्वितीय तथा उर्मिला जैन (यश पब्लिक स्कूल) तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 11 से 12 वर्ग में युवराज सिंह जादौन (एबी एसएसएस) प्रथम, दिविषा कठेड़ (फातिमा कॉन्वेंट) द्वितीय तथा इशिता दास (फातिमा कॉन्वेंट) तृतीय स्थान पर रहीं।

विजेताओं को क्रमशः दो हजार, पंद्रह सौ और एक हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त कक्षा 6 से 8 वर्ग में 12, कक्षा 9 से 10 वर्ग में 7 तथा कक्षा 11 से 12 वर्ग में 6 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर प्रोत्साहित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।

समारोह के दौरान प्रदेशभर में चल रहे गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत विधायक डॉ. चौहान एवं जिला अध्यक्ष धाकड़ ने शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों का शाल एवं सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया