मप्र : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार नहीं रहे, उज्जैन में होगा अंतिम संस्कार
उज्जैन में चक्रतीर्थ पर होगा अंतिम संस्कार
उज्जैन, 6 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आमंत्रित सदस्य विनोद कुमार का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद उज्जैन में निधन हो गया। उन्होंने आश्विन शुक्ल एकादशी की सुबह करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से संघ परिवार और स्वयंसेवकों में शोक की लहर है। राष्ट्र और समाज सेवा को जीवन का ध्येय मानकर उन्होंने अपना पूरा जीवन संघ कार्य के विस्तार और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित किया।
विनोद कुमार ने अपने लंबे सांगठनिक जीवन में संघ के कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। वे महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रचारक, मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक तथा अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर रहे। बाद में वे अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आमंत्रित सदस्य भी रहे। संघ कार्य के विस्तार के साथ प्रचार विभाग को नई दिशा देने में उनके योगदान को संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता विशेष रूप से स्मरण कर रहे हैं।
सरल और आत्मीय व्यक्तित्व की छोड़ी छाप
विनोद कुमार का सांगठनिक जीवन अनुशासन, समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंधों के लिए जाना जाता रहा। संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने संगठन विस्तार के साथ सामाजिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत रही। संघ की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया कि उनका सरल, सहज और प्रेरक व्यक्तित्व सदैव मार्गदर्शन करता रहेगा। संघ कार्य के विस्तार तथा प्रचार विभाग को नई दिशा देने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।
आराधना कार्यालय में अंतिम दर्शन
विनोद कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार, 7 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से उज्जैन स्थित आराधना संघ कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। यहां स्वयंसेवक, संघ कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और उनके अनुयायी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद सुबह नौ बजे आराधना कार्यालय से उनकी अंतिम यात्रा प्रारंभ होगी। अंतिम यात्रा देवास गेट, इंदौर गेट, हरिफाटक ब्रिज, यंत्र महल, होटल अथर्व और नृसिंहघाट होते हुए चक्रतीर्थ पहुंचेगी। चक्रतीर्थ पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ प्रचारक रहे विनोद कुमार के निधन को संघ परिवार ने संगठन के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। उनके लंबे सांगठनिक अनुभव, कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध और संघ कार्य के प्रति समर्पण को स्वयंसेवक लंबे समय तक स्मरण करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

