home page

नागदा में खुलेगा आईटीआई कॉलेज, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की घोषणा

 | 
नागदा में खुलेगा आईटीआई कॉलेज, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की घोषणा


नागदा, 10 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन जिले के औद्योगिक नगर नागदा को तकनीकी शिक्षा की सौगात देते हुए यहां औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोलने की घोषणा की। उन्होंने यह घोषणा चंबल तट स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव नागदा में उज्जैन-जावरा फोरलेन ग्रीन बेल्ट मार्ग के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग क्षेत्र की महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल है।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने नवीन शिक्षा सत्र से प्रारंभ होने वाले केंद्रीय विद्यालय के भवन का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

नागदा विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के समक्ष शहर में आईटीआई कॉलेज स्थापित करने की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल स्वीकृति देते हुए इसकी घोषणा की।

कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, मध्यप्रदेश शासन कर्मकार मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया