नागदा - भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा 19 को निकलेगी, हजारों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
नागदा, 15 जुलाई (हिं स)। भगवान श्री जगन्नाथ महोत्सव के अवसर पर 19 जुलाई को श्रीकृष्ण भावना अमृत संघ (इस्कॉन) उज्जैन एवं नागदा के संयुक्त तत्वावधान में जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इस वर्ष 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी निलेश मेहता ने बुधवार को बताया कि रथयात्रा दोपहर 2 बजे कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर महात्मा गांधी मार्ग, जवाहर मार्ग, पुराना बस स्टैंड और महिदपुर रोड होते हुए ज्योति श्री गार्डन पहुंचेगी। समापन स्थल पर सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि रथयात्रा को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए नगर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। संकीर्तन, आमंत्रण यात्राओं, पोस्टर, पंपलेट तथा प्रचार वाहनों के माध्यम से नागरिकों को आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के साथ महिला मंडल, बंगाली समाज और वैष्णव श्रद्धालु भी आयोजन में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
मेहता ने बताया कि पिछले दो वर्षों में आयोजित रथयात्रा में 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं ने सहभागिता की थी। इस वर्ष 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन समिति और पुलिस प्रशासन ने यात्रा मार्ग एवं समापन स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और महाप्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। साथ ही नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आमंत्रण अभियान चलाकर नागरिकों से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे रथयात्रा मार्ग पर भगवान श्री जगन्नाथ की आरती, पुष्पवर्षा एवं दीप प्रज्वलित कर दिव्य स्वागत करें तथा अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर आयोजन को सफल बनाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

