home page

नागदाः जरूरतमंदों को सहारा, दो युवाओं को उपलब्ध कराए रोजगार के साधन

 | 
नागदाः जरूरतमंदों को सहारा, दो युवाओं को उपलब्ध कराए रोजगार के साधन


नागदा, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा शहर में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय मोहन श्री फाउंडेशन ने गुरुवार को एक प्रेरणादायक कार्य किया। संस्था ने आर्थिक रूप से कमजोर दो जरूरतमंद युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रोजगार के लिए हाथ ठेले उपलब्ध कराए।

फाउंडेशन द्वारा करीब 25 हजार रुपए की लागत से दो नए हाथ ठेले प्रदान किए गए, जिससे दोनों युवाओं को अपनी आजीविका शुरू करने में सहायता मिलेगी। फाउंडेशन के मनोज राठी बारदाना वाले ने हिसं सवाददाता को बताया कि मुकेश प्रजापत कुछ समय पूर्व एक दुर्घटना में घायल हो गया था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह कोई व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रहा था। वहीं बालाराम कुटिया निवासी रशीद के पिता का निधन हो चुका है और वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ आर्थिक तंगी में जीवन यापन कर रहा था। रोजगार का कोई साधन नहीं होने से दोनों युवाओं के सामने परिवार चलाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई।

दोनों की परिस्थिति जानने के बाद मोहनश्री फाउंडेशन ने उनकी मदद का निर्णय लिया और रोजगार के लिए नए हाथ ठेले उपलब्ध कराए। फाउंडेशन का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।

मनोज राठी ने कहा कि दोनों युवक वास्तव में अत्यंत जरूरतमंद थे और उम्मीद है कि यह छोटा सा सहयोग उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा।

उल्लेखनीय है कि मोहन श्री फाउंडेशन स्व मोहनलाल राठी की स्मृति में राठी परिवार द्वारा संचालित किया जा रहा है। फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद लोगों की सहायता, गंभीर बीमार मरीजों के उपचार में सहयोग तथा विभिन्न सामाजिक कार्य किए जाते हैं। विशेष बात यह है कि फाउंडेशन अपने सेवा कार्यों के लिए किसी भी प्रकार का बाहरी या शासकीय सहयोग नहीं लेता।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया