नागदा - नशे से दूरी है जरुरी अभियान में रैली निकाल कर जागरूकता का दिया संदेश
नागदा, 15 जुलाई (हि.स.)। युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और समाज में जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, नागदा (रूपेटा) के तत्वावधान में बुधवार को नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत
एनसीसी कैडेट्स ने रैली निकालकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी. बी. रेड्डी के मार्गदर्शन में आयोजित रैली का शुभारंभ नगर पालिका परिषद, नागदा से हुआ। रैली विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां एनसीसी कैडेट्स ने नशे से दूरी है जरूरी, नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो सहित अनेक जागरूकता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। नागरिकों ने भी रैली का स्वागत करते हुए अभियान के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।
रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के समापन पर सभी एनसीसी कैडेट्स एवं उपस्थितजनों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. के. सी. मिश्रा ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान भी इसी कड़ी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में नशामुक्ति के प्रति चेतना विकसित करना और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

