नागदाः भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री अब्दुल हमीद के निधन पर राज्यपाल डॉ. गेहलोत ने जताया शोक
नागदा, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री अब्दुल हमीद का निधन हो गया। वे 71 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। बुधवार दोपहर चेतनपुरा कब्रिस्तान में उनके शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गेहलोत ने हमीद के निधन पर उनके पुत्र असलम को प्रेषित शोक संवेदना में गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब्दुल हमीद उनके मित्र थे, और उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजसेवा एवं जनहित के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया।
गोरतलब स्व. हमीद की पहचान राजनीति के साथ ही एक कुशल वक्ता के रूप में भी थी। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनसंघ के दौर में की थी। इसके बाद वे भाजपा में सक्रिय रहें।
उनकी अंतिम यात्रा चंबल मार्ग स्थित निवास से शुरू हुई। जामा मस्जिद में नमाज के बाद मुख्य मार्ग से होते हुए चेतनपुरा कब्रिस्तान पहुंची, जहां उनके शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
शवयात्रा में क्षेत्रीय विधायक डॉ. तेज बहादुरसिंह चौहान, गरोठ (मंदसौर) के भाजपा विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया, कांग्रेस के पूर्व विधायक दिलीप गुर्जर, आलोट (रतलाम) के पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि ओपी गेहलोत, पूर्व नपाध्यक्ष गोपाल यादव, पूर्व नपा उपाध्यक्ष रामसिंह शेखावत, भाजपा नेता शाहनवाज उद्दीन (झिरन्या), विभिन्न मस्जिदों के सदर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

