home page

भाजपा उज्जैन ग्रामीण का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 16 मई से

 | 
भाजपा उज्जैन ग्रामीण का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 16 मई से


नागदा, 14 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत भाजपा उज्जैन ग्रामीण का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग 16 और 17 मई को बड़नगर स्थित इंद्रप्रस्थ गार्डन में आयोजित किया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने बताया कि प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, इतिहास और कार्यपद्धति से जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रशिक्षण और अनुशासन पर विशेष जोर दिया जाएगा।

जिला प्रभारी राकेश यादव ने जानकारी दी कि जिले के 23 मंडलों में प्रथम चरण के प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। दूसरे चरण में अब जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विषयों पर वक्ता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गजेन्द्र परमार के अनुसार जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों के 23 मंडलों से 170 से अधिक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के लिए डिजिटल पंजीयन, मीडिया, मंच, यातायात, पार्किंग, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं हेतु अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया