राजगढ़ःकॉम्प्लेक्स में नपा की कार्रवाई, बकाया किराया नहीं चुकाया तो 3 दुकानों पर तालाबंदी
राजगढ़, 07 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संजय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में किराया और प्रीमियम राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों पर नगर पालिका ब्यावरा ने बुधवार को कार्रवाई की। नपा की टीम ने बकाया राशि जमा नहीं करने वाली तीन दुकानों पर तालाबंदी कर दी।
कार्रवाई से बकायादार दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। नगर पालिका की ओर से पहले ही संजय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सभी दुकानदारों को सूचना पत्र जारी कर बकाया किराया और प्रीमियम राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद बुधवार को नपा की टीम मौके पर पहुंची और बकाया राशि की वसूली की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सात दुकानदारों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा करा दी। वहीं दो दुकानदारों ने राशि का भुगतान करने के लिए नगर पालिका को चेक सौंपे। इसके बावजूद तीन दुकानदारों ने बकाया राशि जमा नहीं की। इस पर नगर पालिका ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई की।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद ने बताया कि बकायादारों से राशि वसूलने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कर्मचारियों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान प्रभारी राजस्व उपनिरीक्षक योगेंद्रसिंह सोलंकी, स्थायीकर्मी सुरेंद्र वर्मा, नपा कर्मचारी गौरव यादव, राजेंद्र नामदेव, अजय मेवाड़े, मुकेश लश्करी, धर्मेंद्र परिहार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

