डांस विवाद के चलते धारदार हथियार से 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या
जबलपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। दोस्त की शादी में शामिल होने गौर हिनौतिया से पाटन के मादा गांव गए युवक की देर रात अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला करते हुए हत्या कर दी। मृतक का नाम सुनील अहिरवार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सुनील अहिरवार निवासी ग्राम गौर हिनौती, अपने दोस्तों के साथ अहिरवार समाज के शादी समारोह में शामिल होने ग्राम मादा आया था। बुधवार देर रात करीब 2 बजे उसके साथियों ने उसे सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पाया। उसे तुरंत पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के साथियों व शादी में शामिल लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बारात के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर सुनील का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत करा दिया और बारात आगे बढ़ गई। इसी दौरान सुनील भीड़ से अचानक गायब हो गया।
पाटन पुलिस ने बताया कि रामपुर निवासी बब्लू अहिरवार की बारात पाटन के ग्राम मादा आई थी। बारात में गौर हिनौतिया निवासी सुनील अहिरवार पुत्र शुक्ला अहिरवार 31 साल भी गया हुआ था। बारात में डीजे तेज आवाज में गाना बज रहा था। सुनील का साथी कृष्णा अहिरवार मंदिर के समीप पीपल के पेड़ के पास पहुंचा तो देखा कि सुनील जमीन पर लहूलुहान पड़ा हुआ था। पुलिस जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

