home page

छिंदवाड़ा हादसे के पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री, परिजनों को दी सांत्वना और हर संभव मदद का भरोसा

 | 
छिंदवाड़ा हादसे के पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री, परिजनों को दी सांत्वना और हर संभव मदद का भरोसा


छिंदवाड़ा हादसे के पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री, परिजनों को दी सांत्वना और हर संभव मदद का भरोसा


भोपाल/छिंदवाड़ा, 27 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपना पूर्व निर्धारित चित्रकूट (सतना) दौरा निरस्त कर सीधे छिंदवाड़ा पहुंचकर प्रभावित परिवारों के बीच समय बिताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के दिन 26 मार्च को ही मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की थी। वहीं घायलों के समुचित इलाज की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें नागपुर या अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों का नि:शुल्क उपचार राज्य सरकार द्वारा कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा जिले के ग्राम करेर (तहसील मोहखेड़) पहुंचकर श्रीमती सिया इनवाती, श्री रामदास पराने, श्री दौलत पवार, श्रीमती भागवती और श्रीमती शकुन यादव के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे इस कठिन समय में अकेले नहीं हैं, सरकार उनके साथ खड़ी है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्राम ग्वारा और झिरिया में भी प्रभावित परिवारों से भेंट कर उन्हें हिम्मत बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan