राजगढ़ः मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना की तैयारियों का जायजा, मंत्री पंवार ने दिए सख्त निर्देश
राजगढ़, 16 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रदेष के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने गुरुवार को मंडी परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री पंवार ने पंडाल, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं और आयोजन स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे, ऐसे में व्यवस्थाएं सुचारू और सुव्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि इस आयोजन में गुणवत्ता और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए,ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, भोजन व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि इस बार कार्यक्रम में कुल 62 जोड़ों का विवाह एवं 7 निकाह संपन्न कराए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। मंत्री पंवार ने स्पष्ट कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग और जनसेवा का प्रतीक है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

