कीचड़ में फंसी यात्री बस रेलवे ट्रैक पर पहुंची, सामने आई मालगाड़ी; कर्मचारी की सतर्कता से टला हादसा
उमरिया, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में बारिश के दौरान बदहाल सड़क और यातायात अव्यवस्था का एक गंभीर मामला सामने आया है। घुनघुटी के मोर्चा रेलवे फाटक के पास गुरुवार शाम जाम के बीच एक यात्री बस रेलवे ट्रैक पर फंस गई। इसी दौरान शहडोल की ओर से मालगाड़ी आने की सूचना मिली। रेलवे फाटक पर तैनात कर्मचारी की सतर्कता से समय रहते मालगाड़ी को रोक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो अब सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मोर्चा फाटक के आसपास सड़क पर कीचड़ और जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। बारिश के चलते वाहनों की रफ्तार पहले ही धीमी थी। गुरुवार शाम वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ सड़क पर लंबा जाम लग गया, जो रेलवे फाटक तक पहुंच गया।
इसी जाम में आगे निकलने की कोशिश कर रही एक यात्री बस रेलवे ट्रैक के बीच पहुंच गई। सड़क पर कीचड़ और वाहनों की भीड़ के कारण बस ट्रैक से आगे नहीं निकल सकी और वहीं फंस गई। इसी दौरान शहडोल की ओर से मालगाड़ी आने की सूचना मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे फाटक पर तैनात कर्मचारी ने तत्काल मालगाड़ी को रोकने की सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को फाटक से कुछ दूरी पहले ही रोक दिया गया।
मालगाड़ी रुकने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद बस को रेलवे ट्रैक से हटाने का प्रयास शुरू किया गया। घटना के दौरान बस में सवार एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसमें रेलवे ट्रैक पर खड़ी यात्री बस और कुछ दूरी पर रुकी मालगाड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोग सड़क की बदहाली और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति कई स्थानों पर खराब हो गई है। सड़क पर कीचड़ जमा होने के कारण वाहन फंस रहे हैं और जाम की समस्या बढ़ रही है। इस मार्ग पर भारी वाहनों के साथ यात्री बसों की भी आवाजाही होती है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
मोर्चा फाटक की घटना ने सड़क और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत को सामने ला दिया है। लोगों का कहना है कि यदि रेलवे कर्मचारी ने समय रहते मालगाड़ी को नहीं रुकवाया होता तो रेलवे ट्रैक पर फंसी बस के कारण गंभीर हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

