home page

अनूपपुर: चार महीने से नहीं मिला एमटीएस के कर्मचारियों का वेतन, अतिथि शिक्षक को नौकरी से निकाला

 | 
अनूपपुर: चार महीने से नहीं मिला एमटीएस के कर्मचारियों का वेतन, अतिथि शिक्षक को नौकरी से निकाला


अनूपपुर: चार महीने से नहीं मिला एमटीएस के कर्मचारियों का वेतन, अतिथि शिक्षक को नौकरी से निकाला


अनूपपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार को जनसुनवाई में पुष्पराजगढ़ ब्लॉक में दो बड़े मामले सामने आए। एक तरफ जहां मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) कर्मचारियों ने पिछले चार महीने का रुका हुआ वेतन मांगा, वहीं दूसरी तरफ एक अतिथि शिक्षक ने बिना पक्ष सुने नौकरी से हटाए जाने का आरोप लगाया।

इन दोनों मामलों के अलावा कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिलेभर से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त 56 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

एमटीएस कर्मचारियों का वेतन चार महीने से रुका

सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में काम करने वाले एमटीएस कर्मचारियों ने कलेक्टर से अप्रैल से जुलाई तक का मानदेय जल्द दिलाने की गुहार लगाई। कर्मचारियों का कहना है कि बाकी ब्लॉकों (अनूपपुर, कोतमा और जैतहरी) में सबको समय पर पैसा मिल रहा है, लेकिन सिर्फ पुष्पराजगढ़ ब्लॉक में ही पक्षपात किया जा रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से उनके सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है।

अतिथि शिक्षक का आरोप- बिना पक्ष सुने निकाला गया

दूसरे मामले में अतिथि शिक्षक अमरीश कुमार पटेल ने आरोप लगाया कि जनजातीय कार्य विभाग के पत्र के आधार पर 8 अगस्त 2026 को उन्हें एकतरफा कार्रवाई करते हुए नौकरी से हटा दिया गया। उनका कहना है कि वे साल 2013-14 से लगातार उसी स्कूल में पढ़ा रहे थे और हर साल 100% रिजल्ट देते आए हैं। इसके बावजूद उनका पैनल रद्द करके नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उन्होंने कलेक्टर से इस पूरे मामले की जांच कराने की माँग की है।

56 आवेदनों ने दिये अपनी समस्या, कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

कलेक्टर रत्नाकर झा ने जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त 56 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करते हुए आवेदकों को नियमानुसार राहत दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बहपुर निवासी फूल सिंह ने भूमि का नक्शा सुधार कराए जाने, ग्राम डोंगराटोला अमिलिहा, जैतहरी की पूनम स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने आंगनबाड़ी केन्द्र दर्रीटोला में खाद्यान्न उपलब्ध कराने, करौदी, पुष्पराजगढ़ निवासी सुरेंद्र कुमार ने विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने तथा ग्राम दुलहरा, तहसील अनूपपुर निवासी मानकुमारी सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार ग्राम बुढ़ानपुर, तहसील कोतमा निवासी दीपक चौधरी ने राशन कार्ड बनाए जाने, ग्राम कटहुली, तहसील जैतहरी निवासी श्री महेंद्र सिंह चौहान ने घरेलू विद्युत कनेक्शन काटकर विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने तथा ग्राम पड़ौर, तहसील अनूपपुर निवासी सीबी मार्को ने खराब विद्युत ट्रांसफार्मर हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम भाद, अनूपपुर निवासी मान कुंवर ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बलबीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर शीतल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला