केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की ट्रांसमिशन प्लानिंग क्राइटेरिया का पालन किया मध्यप्रदेश ने
जबलपुर, 30 मई (हि.स.)। एमपी ट्रांसको के जबलपुर मुख्यालय द्वारा शनिवार को जारी वक्तव्य में बताया कि मध्य प्रदेश ने केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की ट्रांसमिशन प्लानिंग क्राइटेरिया का पालन करते हुए 220 के वी सब स्टेशन शुजालपुर मे एक नया 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है।
मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने सी ई ए की गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करते हुए इस ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत करने में सफलता प्राप्त की है।
एम पी ट्रांसको के पास वर्तमान में कुल 84,933 एमवीए ट्रांसफार्मेशन क्षमता उपलब्ध है। कंपनी के नेटवर्क में कुल 1,051 अति उच्च दाब ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनमें 400 केवी के 40, 220 केवी के 220 तथा 132 केवी के 791 ट्रांसफार्मर शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, कंपनी द्वारा 43,079 सर्किट किलोमीटर लंबी अति उच्च दाब ट्रांसमिशन लाइनों का संचालन किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में कंपनी के कुल 417 सबस्टेशन कार्यरत हैं, जिनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 तथा 132 केवी के 315 सबस्टेशन शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

