कौशल विकास के माध्यम से वैश्विक पहचान बना रहे प्रदेश के युवा: राज्यमंत्री टेटवाल
- मंत्री टेटवाल ने जापान सहित देश-विदेश में जॉब कर रहे युवाओं से किया संवाद
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने शुक्रवार को भोपाल संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में अंतरराष्ट्रीय रोजगार प्राप्त एवं चयनित विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों, प्रशिक्षण अनुभवों तथा उनकी अंतर्राष्ट्रीय कॅरियर यात्रा के बारे में जानकारी प्राप्त की।
संवाद के दौरान मंत्री टेटवाल ने जापान से ऑनलाइन जुड़े संस्थान के बैच-4 के विद्यार्थी दीनदयाल सनोड़िया से विशेष चर्चा की। छिंदवाड़ा जिले के माचीवाड़ा गांव के निवासी दीनदयाल एक किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क से एडवांस्ड प्रिसीजन इंजीनियरिंग में प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा वर्तमान में जापान के हिगाशी ओसाका स्थित टमुरा कार्पोरेशन प्रा. लि. में सीनियर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले दो वर्षों से जापान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दीनदयाल ने हिन्दी और जापानी भाषा में भी संवाद किया। उनकी उपलब्धियों और जापानी भाषा पर उनकी दक्षता की सराहना करते हुए मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि यह प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मंत्री टेटवाल ने संस्थान के बैच-11 के उन विद्यार्थियों से भी ऑनलाइन संवाद किया, जिनका हाल ही में दुबई स्थित टीईई इंजीनियरिंग में एसिसटेंट टेक्नीशियन पद पर चयन हुआ है। इनमें गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के नीरज कुमार यादव, छतरपुर के आकाश अहिरवार एवं समीर खान मंसूरी, सतना के विवेक कुमार गर्ग, राघोगढ़ के मोहम्मद फैजान खान तथा रीवा के प्रमोद कुमार कुशवाह शामिल हैं। विद्यार्थियों ने अपने प्रशिक्षण अनुभव, चयन प्रक्रिया तथा विदेश में अपने आगामी करियर को लेकर उत्साह साझा किया।
चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में प्राप्त आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, व्यवहारिक शिक्षण पद्धति, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम तथा प्लेसमेंट सहायता ने उन्हें वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने संस्थान द्वारा प्रदान किए गए मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
मंत्री टेटवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा आज अपने कौशल, अनुशासन और क्षमता के बल पर अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में अपनी पहचान बना रहे हैं तथा देश और प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये युवा भविष्य में और अधिक सफलता अर्जित कर मध्य प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे।
मंत्री टेटवाल ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां कौशल विकास के क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती सफलता का प्रमाण हैं तथा यह दर्शाती हैं कि सही प्रशिक्षण और समर्पण के साथ प्रदेश के युवा वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकते हैं। इस अवसर पर संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गिरीश शर्मा उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

